श्रीनगर गढ़वाल: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की ओर से सोमवार को निगम सभागार में एक दिवसीय लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य रेहड़ी, ठेली और फड़ व्यवसायियों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय सहायता और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं महापौर आरती भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण कम ब्याज दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही लाभार्थियों और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग कर उन्हें केंद्र सरकार की आठ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
महापौर ने बताया कि नगर निगम श्रीनगर द्वारा अब तक 240 स्ट्रीट वेंडर्स को योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे अनेक परिवारों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समय पर ऋण पुनर्भुगतान करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने प्रतिभागियों को पीएम स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, ब्याज अनुदान, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और समय पर ऋण चुकाने पर मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों के नए ऋण आवेदन भी भरवाए गए तथा बैंकिंग प्रक्रियाओं से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
लोक कल्याण मेले में सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, मुख्य स्वास्थ्य एवं सफाई निरीक्षक शशि पंवार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।


