Tehri Garhwal: टिहरी गढ़वाल की कोटी कॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग, पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित 14 दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स के दूसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। इस प्रशिक्षण में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी वाटर स्कीइंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, SM, VSM, MID ने कहा कि कोटी कॉलोनी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थानों में शामिल है। उन्होंने कहा कि यहां टिहरी झील का स्वच्छ पानी और प्राकृतिक वातावरण वाटर स्पोर्ट्स प्रशिक्षण के लिए अनुकूल है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी संस्थान की ओर से तीन बैचों में 14-14 दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष देशभर से 25 प्रशिक्षुओं ने कोर्स के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 21 प्रशिक्षुओं ने संस्थान में उपस्थित होकर प्रशिक्षण में भाग लिया है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वाटर स्कीइंग से जुड़ी तकनीकों और व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी प्रशिक्षण के दौरान अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कोर्स में मुख्य प्रशिक्षक परवीन सिंह रांगड़, खलील शब्बीर और अरविंद राठौड़ी प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं प्रतिभागियों में चेतन, रावत, विक्रम, प्रताप, अभिषेक, अबरार, नेहा, जोशी, सलीम, शिवम, दीपक और सागर सहित अन्य प्रशिक्षु शामिल हैं।
कोटी कॉलोनी में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन से टिहरी झील में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।





