ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश ने स्वान पशुओं के लाइसेंस उप-विधि 2025 लागू करते हुए पालतू कुत्तों के पंजीकरण की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल और महापौर शंभू पासवान ने नगर निगम कार्यालय में पांच स्वान पशुओं का पंजीकरण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर 10 से अधिक लोगों को पंजीकरण फार्म भी वितरित किए गए। नगर निगम के अनुसार, उप-विधि के प्रावधानों के तहत निगम क्षेत्र में रखे जाने वाले सभी पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।

एक माह में व्यापक पंजीकरण अभियान
नगर निगम ने मुख्य सफाई निरीक्षक अमित को निर्देश दिए हैं कि वे लाइसेंस उप-विधि का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें और एक माह के भीतर सभी स्वान पशुओं का पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अमित नेगी को आदेश दिया गया है कि 31 दिसंबर 2025 तक नगर निगम क्षेत्र के सभी पालतू कुत्तों का पंजीकरण पूरा कराया जाए।
अभियान में शामिल अधिकारी
पंजीकरण अभियान की शुरुआत के दौरान ये अधिकारी मौजूद रहे— संध्या बिष्ट, क्षेत्र पार्षद, अमित वर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी, अमित नेगी, सफाई निरीक्षक, सुभाष सेमवाल, सफाई निरीक्षक तथा अन्य निगम अधिकारी और कर्मचारी, नगर निगम ऋषिकेश ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पालतू कुत्तों का समय पर रजिस्ट्रेशन कराएं, जिससे स्वान पशुओं के सही प्रबंधन, ट्रैकिंग और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


