कोटी कालोनी, टिहरी: पर्यटन, साहसिक खेल और लोक संस्कृति के अनूठे संगम ‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ के अंतर्गत शुक्रवार को कोटी कॉलोनी में ‘हिमालयन O2’ (Himalayan O2) का भव्य आगाज हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में टिहरी झील केवल भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में साहसिक खेलों और पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।

नई टिहरी रोपवे की घोषणा और कोटी-डोबरा मार्ग का शिलान्यास
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए कोटी कालोनी से नई टिहरी तक रोपवे के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके साथ ही, सीएम ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा वित्त पोषित 318 करोड़ रुपये की लागत वाले 15 किलोमीटर लंबे ‘कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग’ का रिमोट दबाकर वर्चुअल शिलान्यास भी किया।
वाटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स का बनेगा ग्लोबल हब
देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करते हुए सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण की जननी है। उन्होंने कहा कि टिहरी को वाटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स का ग्लोबल हब बनाने के लिए झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने खुशी जताते हुए जानकारी दी कि वर्तमान में टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो भविष्य में उत्तराखंड को वैश्विक पैराग्लाइडिंग के मानचित्र पर स्थापित करेंगे। इन गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए द्वार खुल रहे हैं।
टिहरी में चल रहे हैं 1300 करोड़ के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास का खाका पेश करते हुए बताया कि टिहरी में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें प्रमुख हैं:
- टिहरी झील का विकास और रिंग रोड का निर्माण।
- तिमाड़ गांव को ‘पर्यटन ग्राम’ के रूप में विकसित करना।
- भिलंगना ब्लॉक के सुनारगांव को ‘आदर्श ग्राम’ बनाना।
- जिले के सभी ब्लॉकों में पर्यावरण संरक्षण हेतु प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 10 कॉम्पेक्टर केंद्र और 4267 कूड़ा संग्रहण केंद्रों की स्थापना।

कुंभ और चारधाम की तैयारियां जोरों पर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड से विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में पर्यटन को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। आदि कैलाश में हाई-एल्टीट्यूड मैराथन और माणा में एमटीबी चैलेंज जैसे आयोजन इसके प्रमाण हैं। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां भी युद्धस्तर पर जारी हैं।
विकास को मिलेगी नई दिशा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस महोत्सव के जरिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़कर विकास को एक नई दिशा दी जा रही है। वहीं, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने टिहरी के समग्र विकास के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
इससे पूर्व, कोटी कॉलोनी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्होंने स्थानीय देवडोलियों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और भारी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।


