Rudraprayag: केदारनाथ धाम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। आज सुबह लैंडिंग के दौरान एक हेली एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान तकनीकी कारणों से हुआ। राहत की बात यह है कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर जैसे ही लैंडिंग के लिए उतरा, उसी समय संतुलन बिगड़ गया और वह ज़मीन से टकरा गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एविएशन अथॉरिटी की टीम मौके पर पहुंच गई है। हेलीकॉप्टर दुर्घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हेली सेवा को कुछ समय के लिए रोका गया है ताकि सुरक्षा मानकों की दोबारा पुष्टि की जा सके।
यात्रियों से प्रशासन की अपील
चारधाम यात्रा पर आए यात्रियों से प्रशासन ने अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। सभी हेली सेवाओं की सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही उड़ानों को बहाल किया जाएगा।